कुजू (रामगढ), झारखंड : कोल इंडिया लिमिटेड की नई कोयला उठाव नीति के विरोध में शनिवार को कोयला कारोबारियों का एक प्रतिनिधिमंडल कोलकाता स्थित कोल इंडिया मुख्यालय पहुंचा और डायरेक्टर (मार्केटिंग) मुकेश चौधरी से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रतिनिधिमंडल में कोल इंडिया की विभिन्न सहायक कंपनियों के कारोबारी समेत झारखंड कोल ट्रेडर्स ट्रस्ट के पदाधिकारी भी शामिल थे। बैठक के दौरान कारोबारियों ने नई नीति को कोयला उद्योग, व्यापारियों और उनसे जुड़े छोटे कारोबारियों के हितों के विरुद्ध बताया। उन्होंने कहा कि इस नीति से व्यापारिक गतिविधियाँ बाधित होंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
डायरेक्टर (मार्केटिंग) मुकेश चौधरी ने कारोबारियों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और उन्हें आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर कोल इंडिया प्रबंधन के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी चिंताओं को साझा किया जाएगा।
मौके पर काशीनाथ महतो, राजेश प्रसाद, सुनील बंसल, मनोज अग्रवाल, बिनोद गर्ग, आनंद पांडेय, मनोज राय, दीपक कुमार और धनंजय सिंह समेत कई कोयला कारोबारी उपस्थित थे ।