बरकाकाना (रामगढ), झारखंड :झारखंड के रामगढ़ जिले के बरकाकाना क्षेत्र के तेलियातू गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब निर्माणाधीन घर का लिंटर बीम अचानक गिर गया। इस हादसे में 24 वर्षीय युवक आशीष कुमार ठाकुर की मौत हो गई, जबकि उसके पिता महेश ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पिता–पुत्र घर के निर्माण कार्य में जुटे थे, तभी अचानक बीम टूटकर नीचे गिर गया और दोनों उसके नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबे में फंसे दोनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही आशीष ने दम तोड़ दिया।
पिता महेश ठाकुर के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है और उनका एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त बताया जा रहा है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पड़ोसियों ने बताया कि आशीष कुमार ठाकुर मैकेनिकल ट्रेड में आईटीआई पास कर एक निजी कंपनी में कार्यरत था। घटना की सूचना मिलने पर बरकाकाना ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।