24 घंटे में ट्रक चालक गिरफ्तार, भदानीनगर ओपी ओपी क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म व हत्या का मामला सुलझा — पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  जिले के पतरातु (भदानीनगर) थाना क्षेत्र में 12 अक्टूबर 2025 को घटी एक जघन्य घटना में पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरी कार्रवाई की जानकारी दी।

घटना का विवरण

घाघरा निवासी सुबोध उराँव ने थाना में आवेदन देकर बताया था कि एक अज्ञात ट्रक चालक ने उसकी पत्नी अंजली गाड़ी (उम्र लगभग 39 वर्ष) के साथ दुष्कर्म कर बेरहमी से हत्या कर दी और फरार हो गया। इस संबंध में पतरातु (भदानीनगर) थाना कांड संख्या 245/2025, दिनांक 12.10.2025, धारा 103(1)/64/66 भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

तेज़ कार्रवाई में बनी 15 विशेष टीमें

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और अपने मार्गदर्शन में 15 अलग-अलग विशेष जांच टीमों का गठन किया। इन टीमों में रामगढ़, पतरातु, बासल, बरकाकाना, भुरकुंडा, कुज्जू, गोला, रांची और हजारीबाग जिलों के साथ-साथ बिहार राज्य के गया, डोभी और शेरघाटी क्षेत्रों में छापेमारी की गई।

पुलिस ने लगभग 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मात्र 24 घंटे के अंदर ही आरोपी की पहचान कर ली।

गिरफ्तारी और बरामदगी

दिनांक 14 अक्टूबर 2025 की रात करीब 1:10 बजे रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र में “खलारी फ्यूल” ओवरब्रिज के पास से ट्रक चालक सुविन्द्र यादव (उम्र 41 वर्ष, पिता स्व. अर्जुन यादव, ग्राम झोरसलैया, थाना शेरघाटी, जिला गया, बिहार) को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ट्रक (पंजीकरण संख्या JH02U-9638), आरोपी के घटना के समय पहने हुए कपड़े, चप्पल और एक vivo कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया।

अपराधिक इतिहास भी रहा है दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपी सुविन्द्र यादव पहले भी गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ रौशनगंज थाना (गया, बिहार) में कांड संख्या 94/19, दिनांक 30.05.2019, धारा 341/323/324/307/504/34 भा.द.वि. के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी

गिरफ्तारी एवं जांच अभियान में मुख्य रूप से सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु श्री गौरव गोस्वामी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ श्री परमेश्वर प्रसाद, डीएसपी (मुख्यालय) श्री चंदन कुमार वत्स, डीएसपी (सीसीआर) श्री अजय कुमार, परि. डीएसपी श्री फौजान अहमद, पुलिस निरीक्षक श्री सत्येन्द्र कुमार, यातायात प्रभारी श्री गजेन्द्र पाण्डेय, तथा विभिन्न थाना व ओपी प्रभारी शामिल रहे।

एसपी अजय कुमार ने प्रेस वार्ता में कहा कि रामगढ़ पुलिस ने अत्यंत संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण पेश किया है। महज़ 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी हमारी टीम की सतर्कता और तकनीकी दक्षता का परिणाम है।