रामगढ़ में पुलिस सभा का आयोजन, एसपी अजय कुमार ने कर्मियों की समस्याएं सुनीं, रक्तदान शिविर भी आयोजित

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : पुलिस अधीक्षक अजय कुमार (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में शुक्रवार, 17 अक्टूबर 2025 को पुलिस केंद्र, रामगढ़ में पुलिस कर्मियों के कल्याण हेतु एक पुलिस सभा का आयोजन किया गया। सभा का संचालन परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र, रामगढ़ द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पतरातू/रामगढ़), पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सभी पुलिस निरीक्षक, थाना/ओपी प्रभारी, अवर निरीक्षक, सहायक अवर निरीक्षक, हवलदार, आरक्षी, चतुर्थवर्गीय कर्मी एवं पुलिस एसोसिएशन शाखा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सभा में पुलिसकर्मियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से—

सीएनओ में प्रतिनियुक्त महिला थाना के स०अ०नि० सुखलाल राम का स्थानांतरण,

बाहर से आने वाले अधिकारियों के ठहरने हेतु अलग कमरे की व्यवस्था,

महिला थाना में काउंसलिंग शेड निर्माण,

बरलंगा थाना की रंगाई-पुताई व छत की मरम्मत,

वेबो ओपी में कंप्यूटर ऑपरेटर की मांग,

गोला थाना में नया कंप्यूटर एवं बाउंड्री वॉल मरम्मत,

डीवीसी चौक पर ट्रैफिक पुलिस की आवश्यकता,

पुलिस लाइन में बाथरूम मरम्मत, फॉगिंग और मेस में अतिरिक्त सेनटैक्स की मांग शामिल थीं।

एसपी अजय कुमार ने सबसे पहले दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर सभी को बधाई दी और उत्कृष्ट कार्य के लिए कर्मियों को सुसेवांक पुरस्कार देने का निर्देश दिया। उन्होंने समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समाधान हेतु आवश्यक निर्देश भी जारी किए।

एसपी ने निर्देश दिया कि :—

सभी थाना प्रभारी आमजन के बैठने व पीने के पानी की व्यवस्था करें।

जनता से प्राप्त आवेदन पर शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई करें।

प्रत्येक सोमवार को थाना स्तर पर परेड आयोजित कर अनुशासन बनाए रखें।

महिला, बुजुर्ग या बच्चों को रात में अकेला देखने पर उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाएं।

थाना परिसरों को स्वच्छ रखें और आपसी मतभेदों को वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखें।

सभा के अंत में एसपी ने सभी पुलिस कर्मियों को मुस्तैदी से ड्यूटी करने, जनता के साथ अच्छा व्यवहार रखने, और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी।

मेडिकल कैम्प सह रक्तदान शिविर का आयोजन

उसी दिन पुलिस केंद्र, रामगढ़ में सदर अस्पताल, रामगढ़ की ओर से मेडिकल कैम्प सह रक्तदान जीवनदान शिविर का आयोजन किया गया।
इसमें पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 22 पुलिस कर्मियों ने रक्तदान किया, जिससे 22 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। यह रक्त थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया और गंभीर एनीमिया जैसे रोगों से पीड़ित मरीजों के उपयोग हेतु रखा जाएगा।

शिविर में डॉ. उदय श्रीवास्तव, डॉ. निशात अहमद, डॉ. डॉली, डॉ. राजेश समेत कई चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार और सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने रक्तदान करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रमाण पत्र, कलम और चाबी रिंग देकर सम्मानित किया।
साथ ही, उनका मनोबल बढ़ाने के लिए एसपी ने सभी को सुसेवांक पुरस्कार देने की घोषणा की।