रामगढ़ में दीपों की चमक से जगमगाया पूरा जिला, धूमधाम से मनाई गई दीपावली

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : दीपों का पर्व दीपावली पूरे रामगढ़ जिले में हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। शनिवार की रात शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक रौनक छाई रही। लोगों ने माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

पूरे रामगढ़ शहर में विद्युत सज्जा की गई थी। घरों, मंदिरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रंग-बिरंगी लाइटों की जगमगाहट से माहौल रोशन हो उठा। लोगों ने घर-आंगन में दीये जलाकर अंधकार पर प्रकाश की विजय का संदेश दिया।

काली पूजा भी धूमधाम से की गई। देर रात तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा। बच्चों और युवाओं ने पटाखे फोड़कर दीपोत्सव का आनंद लिया। वहीं, परंपरा के अनुसार कई जगहों पर जुआ खेलने की भी जानकारी मिली।

कुल मिलाकर, दीपावली ने रामगढ़ जिले को प्रकाश, उमंग और भक्ति के रंगों में रंग दिया।