रामगढ़ : पुलिस संस्मरण दिवस पर 191 शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, एसपी अजय कुमार बोले सेवा ही लक्ष्य 

Spread the love
संबोधित करते एसपी अजय कुमार

रामगढ़, झारखंड : पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस केंद्र, रामगढ़ में शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अजय कुमार (भा.पु.से.) ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस जवानों की शहादत हमें सदैव प्रेरित करती रहेगी।”

कार्यक्रम की शुरुआत परेड के साथ हुई, जिसके बाद दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया गया। इस दौरान एक सितंबर 2024 से एक अगस्त 2025 के बीच देशभर में शहीद हुए कुल 191 जवानों के नाम पढ़े गए और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

एसपी अजय कुमार ने कहा कि पुलिस बल के हर सदस्य का लक्ष्य सेवा और समर्पण है। उन्होंने कहा कि “शहीद साथियों के परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना और सम्मान सदैव बना रहेगा।”

इस अवसर पर पतरातू के सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रामगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (प्रशिक्षण), सीसीआर के डीएसपी सहित कई अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।