हजारीबाग में दर्दनाक हादसा : एक ही परिवार की चार बच्चियां तालाब में डूबीं, छठ के बाद खेलने निकली थीं

Spread the love

हजारीबाग, झारखंड : जिले के कटकमसांडी प्रखंड स्थित झरदाग गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक ही परिवार की चार बच्चियां तालाब में डूबकर मौत का शिकार हो गईं। बताया गया कि छठ पर्व संपन्न होने के बाद सभी बच्चियां घर के पास तालाब में खेलने गई थीं। इसी दौरान एक बच्ची का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीन बच्चियां भी पानी में उतर गईं और चारों की डूबने से मौत हो गई।

गांव में मातम और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

ग्रामीणों के अनुसार, जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक चारों बच्चियां पानी में डूब चुकी थीं। उन्हें बाहर निकालकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चियों की पहचान रिंकी कुमारी, रिया कुमारी, साक्षी कुमारी और पूजा कुमारी के रूप में हुई है। चारों सगी बहनें थीं और एक ही परिवार से संबंध रखती थीं। पूरे गांव में मातम का माहौल है।

प्रशासन ने पहुंचकर दी संवेदना और सहायता का भरोसा

घटना की जानकारी मिलते ही कटकमसांडी थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। अंचल अधिकारी ने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है और आपदा राहत कोष से मुआवजा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों से अपील की गई कि बच्चे तालाब या गहरे पानी के पास खेलने न जाने दें ।