अभियान निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने किया रामगढ़ जिले का दौरा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : शनिवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा ने रामगढ़ जिले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सदर अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू का दौरा किया तथा विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने निर्देश दिया कि आभा ID के माध्यम से ओपीडी जांच शत-प्रतिशत की जाए, ताकि सभी मरीजों का डिजिटल रेकॉर्ड सुनिश्चित हो सके। साथ ही उन्होंने ओपीडी में टोकन सिस्टम लागू करने और मरीजों को व्यवस्थित सुविधा प्रदान करने का निर्देश दिया।

श्री झा ने ब्लड बैंक का निरीक्षण करते हुए कहा कि रक्तदान कार्यों में रेड क्रॉस सोसाइटी का सहयोग लिया जाए तथा ब्लड डोनेशन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, क्योंकि इच्छुक दाताओं की कमी नहीं है, केवल प्लेटफ़ॉर्म की आवश्यकता है।

उन्होंने एनपी-एनसीडी, डे केयर कीमोथैरेपी वार्ड और डायलिसिस केंद्र का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने कुछ ओपीडी को पुराने भवन से संचालित करने का सुझाव दिया ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके।

इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए तथा अस्पताल परिसर के खाली स्थलों पर औषधीय पौधे लगाए जाएं और परिसर की सफाई व सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए।

निरीक्षण दल में श्री महर्षि रमन (राज्य वित्त प्रबंधक), श्री संतोष कुमार (प्रोक्योरमेंट सलाहकार), श्री नागेंद्र कुमार यादव (वित्त सलाहकार – एनसीडी कोषांग) के अलावा जिला सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद, एसीएमओ डॉ. नवल कुमार, जिला कुष्ठ पदाधिकारी डॉ. तूलिका रानी, डीएस हरेन चंद्र महतो तथा अन्य स्वास्थ्य पदाधिकारी और प्रबंधन इकाई के सदस्य उपस्थित थे।