कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र के सांडी पासवान टोला में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक अधेड़ महिला ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 45 वर्षीय सुधा देवी, पत्नी अशोक पासवान के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, सुधा देवी लंबे समय से बीमारी और आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं। इलाज के खर्च और बढ़ते कर्ज के कारण वे मानसिक रूप से परेशान चल रही थीं। बताया गया कि परिवार की माली हालत कमजोर होने के कारण उचित उपचार नहीं मिल पाया, जिससे वह और अधिक तनाव में आ गई थीं।
शनिवार की रात जब घर के सभी सदस्य सो गए, तब सुधा देवी ने घर के अंदर फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। रविवार सुबह जब परिवारवालों ने दरवाजा नहीं खुलने पर शंका जताई और दरवाजा तोड़ा, तो उन्हें सुधा देवी का शव फंदे से झूलता मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।