टाउन हॉल के बगल में प्रस्तावित बार भवन अव्यवहारिक : विधायक ममता देवी, अधिवक्ता संघ ने उठाई आपत्ति

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : टाउन हॉल के बगल में प्रस्तावित बार भवन को लेकर उठी आपत्तियों पर रामगढ़ विधायक ममता देवी ने इसे पूरी तरह अव्यावहारिक और अनुपयुक्त बताया। इस मुद्दे को लेकर जिला अधिवक्ता संघ रामगढ़ का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक कार्यालय पहुँचा और प्रस्तावित भूमि चयन के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराई।

प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने विधायक को पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि व्यवहार न्यायालय से टाउन हॉल की दूरी लगभग दो किलोमीटर से अधिक है, ऐसे में प्रतिदिन वहाँ से आकर न्यायिक कार्यों का संचालन संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा टाउन हॉल के पास संघ भवन का निर्माण प्रस्तावित करना अनुचित और अव्यावहारिक है।

विधायक ममता देवी ने प्रतिनिधिमंडल की आपत्ति को उचित बताया और कहा कि टाउन हॉल के बगल में बार भवन का प्रस्ताव वास्तव में अव्यावहारिक तथा अधिवक्ताओं के लिए कष्टदायक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर इस प्रस्ताव को बदलवाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि अधिवक्ता संघ का नया जी प्लस 4 भवन उसी स्थान पर बने, जहाँ वर्तमान संघ भवन स्थित है।

प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में विधायक को ज्ञापन भी सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में संघ के उपाध्यक्ष ऋषि महतो, महासचिव सीताराम, संयुक्त सचिव शंभूनाथ प्रसाद, पूर्व प्रत्याशी बजरंग महतो, पंकज तिवारी, शिबू महतो सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।