श्री कृष्ण विद्या मंदिर में कराटे कक्षा का शुभारंभ एवं झारखंड स्थापना दिवस पर रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :   रामगढ़ के विकास नगर स्थित श्री कृष्ण विद्या मंदिर में गुरुवार 13 नवंबर 2025 कोकराटे कक्षा का शुभारंभ किया गया। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु कराटे प्रशिक्षण की शुरुआत की। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एम. कृष्णा चंद्रा ने कराटे प्रशिक्षकों को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और बच्चों को आत्मरक्षा के लिए कराटे सीखने की प्रेरणा दी।

कराटे प्रशिक्षण कार्यक्रम में रामगढ़ कराटे संघ के अध्यक्ष सेंशी शशि पांडे, प्रशिक्षक कमल नायक और चंदन साहनी उपस्थित रहे। शशि पांडे ने छात्रों को कराटे के महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि यह न केवल आत्मरक्षा का माध्यम है, बल्कि यह शरीर को मजबूत बनाता है और आत्मविश्वास बढ़ाता है।

आज विद्यालय में कराटे कक्षा के प्रथम दिन छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखा गया। इसी क्रम में झारखंड स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विद्यालय में वंदे मातरम का गायन हुआ और झारखंड की परंपरा, संस्कृति एवं खनिज संपदा पर विशेष प्रस्तुति दी गई।

कार्यक्रम का संचालन उषा सिंहने किया। वरिष्ठ शिक्षिका स्वप्ना चक्रवर्ती ने बच्चों को झारखंड की परंपरा, संस्कृति, खनिज संपदा और स्वतंत्रता सेनानियों बिरसा मुंडा, नीलांबर-पीतांबर, तिलकामांझी, सिद्धू-कानू के योगदान के बारे में बताया।

कार्यक्रम में कक्षा 11वीं की छात्रा श्वेता कुमारी (विज्ञान संकाय) ने अंग्रेजी भाषण देकर सबका मन मोह लिया, वहीं कक्षा 7वीं के छात्र यश चौधरी ने हिंदी भाषण प्रस्तुत किया। कक्षा 6वीं, 7वीं और 8वीं की छात्राओं ने झारखंडी नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। इसके अलावा कक्षा 5वीं की निवृत्ति गुप्ता ने झारखंड की संस्कृति को दर्शाता हुआ सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे खूब सराहा गया।

इस कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विशेष रूप से शारीरिक शिक्षक मनोरंजन चौधरी की अहम भूमिका रही।