रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में सुरक्षा की बड़ी चूक, दो आपराधिक गुटों में न्यायालय के बरामदे में धक्का-मुक्की व मारपीट 

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ व्यवहार न्यायालय में सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई। न्यायालय अवधि के दौरान अदालत के बरामदे में जिले में सक्रिय दो आपराधिक गुटों के लोगों के बीच अचानक धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कई अधिवक्ताओं को भी धक्का देकर गिराया गया।

मिली जानकारी के अनुसार एक गुट के कुछ आरोपियों की पेशी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में थी। इसी गुट के समर्थक 15–20 की संख्या में चार-पांच वाहनों से न्यायालय परिसर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वे नशे में थे और न्यायाधीशों के कक्ष के बाहर बरामदे तक पहुँच गए। बरामदे में दूसरे गुट के कुछ लोगों के दिखते ही दोनों पक्षों में भिड़ंत शुरू हो गई।

हंगामा बढ़ता देख न्यायाधीशों के अंगरक्षक और सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मी पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। बताया गया कि 8–10 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

गौरतलब है कि रामगढ़ व्यवहार न्यायालय के मुख्य द्वार पर प्रवेश के समय मेटल डिटेक्टर और जांच की व्यवस्था है, लेकिन इसके बावजूद नशे में धुत बड़ी संख्या में लोग परिसर तक कैसे पहुँच गए—यह सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।