विद्यालय में ज्ञान और कर्म की ज्योत जलाते हुए गीता जयंती मनाई गई

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : विकास नगर स्थित श्री कृष्ण विद्या मंदिर में सोमवार, 1 दिसंबर 2025 को गीता जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्वाध्याय परिवार रामगढ़ से आए प्रमुख अतिथियों — प्रफुल्ल कुमार जी, राजेश कुमार मिश्रा जी, कृष्ण गोस्वामी जी एवं रवि भूषण दयाल जी — का विद्यालय परिवार ने हार्दिक स्वागत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य एम. कृष्णा चंद्रा ने की। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके बहुमूल्य समय और ज्ञानवर्धक गीता उपदेश के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। प्राचार्य ने आग्रह पर प्रफुल्ल कुमार जी ने गीता के कई महत्वपूर्ण श्लोकों का भावार्थ बच्चों के बीच साझा किया।
उन्होंने कहा— “कर्म करते रहो, फल की चिंता मत करो। ईश्वर हर पल तुम्हारे साथ हैं।”
भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए ये उपदेश बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने।

प्रफुल्ल कुमार जी और प्राचार्य द्वारा दिए गए प्रेरक उपदेशों को सुनकर छात्र-छात्राओं ने भविष्य में कर्म को प्रधानता देने की शपथ ली। हर वर्ष की तरह इस बार भी गीता जयंती पूरे उत्साह से मनाई गई, और विद्यार्थियों को प्रतिदिन गीता श्लोक पढ़ने की प्रेरणा दी गई।

विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता), सचिव विमल किशोर जाजू एवं प्रशासक एसपी सिन्हा ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में परम पूज्यनीय पांडुरंग शास्त्री आठवल्लभ (दादाजी) के संदेश का भी विशेष उल्लेख किया गया, जिसमें पवित्र ग्रंथों के सम्मान का महत्व बताया गया। ज्ञान, कर्म और गीता के पवित्र श्लोकों से विद्यालय का वातावरण मंत्रमुग्ध हो उठा। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।