गोवा नाइट क्लब हादसा, बढ़ सकती थी मौतों की संख्या : सिक्योरिटी गार्ड का दावा

Spread the love

गोवा : गोवा के उत्तरी हिस्से में शनिवार देर रात एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग ने 25 लोगों की जान ले ली। मरने वालों में लगभग तीन से चार पर्यटक और बाकी होटल व क्लब में काम करने वाले कर्मचारी शामिल हैं। हादसे के समय क्लब में भीड़ कम होने के कारण बड़ी संख्या में टूरिस्ट बच गए। मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि अगर आग कुछ देर बाद लगती, तो स्थिति और भयावह हो सकती थी।

“कुछ ही देर में भारी भीड़ आने वाली थी”—गार्ड

क्लब में तैनात सिक्योरिटी गार्ड संजय कुमार गुप्ता के अनुसार, घटना रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई। उसी दौरान अचानक आग लग गई। गार्ड ने बताया कि रात में डीजे और डांसर के आने के बाद यहां भारी भीड़ जुटने वाली थी।
उन्होंने कहा—
“मैं गेट पर था, तभी आग लगने की सूचना मिली। अगले 1–2 घंटे में क्लब खचाखच भरने वाला था। यदि आग थोड़ी देर बाद लगती, तो बहुत बड़ी संख्या में पर्यटक फंस सकते थे।”

पास के एक अन्य कर्मचारी ने बताया कि उन्होंने एक तेज धमाके की आवाज सुनी, जिसके बाद पता चला कि आग कथित तौर पर सिलेंडर फटने से लगी है। कई स्थानीय लोगों ने भी रात में धमाका सुनने और तुरंत बाद एम्बुलेंसों को मौके की ओर जाते देखने की पुष्टि की।

कैसे हुआ हादसा ?

नॉर्थ गोवा के अरपोरा स्थित रोमियो लेन के पास बने ‘बर्च’ क्लब में अचानक आग भड़क गई। आग लगने के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग जांच कर रहे हैं।
गोवा पुलिस के अनुसार—

  • 25 लोगों की मौत

  • 7 लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी

  • 4 टूरिस्ट और 14 स्टाफ मेंबर मृतकों में शामिल

  • ज्यादातर मौतें धुएं से दम घुटने के कारण हुईं

पीएम और राष्ट्रपति ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री ने मुआवजे का भी ऐलान किया—

मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख

घायलों को ₹50 हजार सहायता राशि

हादसे के बाद बढ़ी मांग : सभी क्लबों का सुरक्षा ऑडिट हो

घटना के बाद भाजपा नेताओं ने राज्य के सभी नाइट क्लबों में त्वरित सुरक्षा ऑडिट की मांग उठाई है। उनका कहना है कि सुरक्षा लापरवाही के मामले सामने आने से पर्यटन स्थलों की छवि पर असर पड़ सकता है।

साभार : डीएएस दिल्ली