नशे का जाल: नूर नगर में पुलिस की छापेमारी, युवती-युवक गिरफ्तार, ₹4.5 लाख नकद व 110 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद

Spread the love

रांची, झारखंड— राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नूर नगर (पुरानी रांची) में एक घर से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद होने से सनसनी फैल गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उप-महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी की।

पुलिस टीम ने घर के मालिक की मौजूदगी में तलाशी ली, जिसमें 110 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹4,50,000 नकद और दो मोबाइल फोन के साथ-साथ एक स्कूटी (JH01DH-3302) भी जब्त की गई। पकड़े गए युवक और युवती की पहचान सूरज कुमार (बड़कुडी खरथी, जिला रोहतास, बिहार) और सेंजल खान (नूर नगर, रांची) के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे ब्राउन शुगर सारण (बिहार) से लाकर रांची में बिक्री करने की योजना बना रहे थे। प्रारंभिक जांच में मामला संगठित नशा तस्करी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

जब्त सामान:

  • ब्राउन शुगर – 110 ग्राम

  • नकद राशि – ₹4,50,000

  • 2 मोबाइल फोन

  • स्कूटी (JH01DH-3302)

छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी:
टीम का नेतृत्व कोतवाली डीएसपी श्री सत्यनाथ ने किया, जिसमें सुखदेव नगर कोतवाली, डेली मार्केट, हिन्दपीढ़ी और लोअर बाजार थाने की पुलिस शामिल थी।

👉 यह छापेमारी शहर में नशा माफिया के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है।