पतरातू: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पतरातू पोस्ट ने रविवार को मानवता और सतर्कता की मिसाल पेश की। ऑपरेशन “नन्हें फरिश्ते” के तहत एक नाबालिग लड़के को सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड हेल्पलाइन बरकाकाना के सुपुर्द किया गया।
सूत्रों के अनुसार, गाड़ी संख्या 53344 से खलारी स्टेशन पर एक 12 वर्षीय बच्चा प्लेटफॉर्म पर उतर गया था। ट्विटर पर किसी जागरूक नागरिक ने सूचना दी कि ट्रेन में एक नाबालिग लड़का अकेला यात्रा कर रहा है। सूचना मिलते ही पतरातू आरपीएफ के एएसआई सूर्य प्रसाद मिश्रा और आरक्षी रणधीर कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को खोज निकाला।
पूछताछ में पता चला कि बच्चा पटना के एक अनाथ आश्रम से भाग आया था। इसके बाद बच्चे को गाड़ी संख्या 63558 से बरकाकाना ले जाया गया और चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर राकेश कुमार सिंह को विधिवत आवेदन के साथ सौंपा गया।
आरपीएफ की यह संवेदनशीलता और तत्परता न केवल कानून व्यवस्था की मिसाल है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा के प्रति उनकी जिम्मेदारी को भी दर्शाती है।