“क्या नए उपायुक्त बालू, कोयले की तस्करी रोक पाएंगे?” – रामगढ़ में भाकपा बैठक में बोले महेंद्र पाठक

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की रामगढ़ जिला परिषद की बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता चितरंजन महतो ने की, वहीं भाकपा के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया और स्थानीय प्रशासन व सरकार पर बालू और कोयला तस्करी को लेकर जमकर निशाना साधा।

महेंद्र पाठक ने कहा—

“झारखंड सहित रामगढ़ जिले में कोयला एवं बालू की तस्करी चरम सीमा पर है। क्या नए उपयुक्त बालू, कोयले की तस्करी रोक पाएंगे या पूर्व की भांति रामगढ़ में लूट की खुली छूट रहेगी?”

उन्होंने कहा कि जिले में आयरन स्पंज के कारखाने जहर उगल रहे हैं, और प्रशासनिक चुप्पी बताती है कि ये गोरखधंधे मिलीभगत से चल रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जल्द ही सड़कों पर उतरकर विरोध दर्ज कराएगी।

सम्मेलन की तैयारी और संगठन विस्तार पर फोकस

बैठक में रामगढ़ जिले के सभी प्रखंडों के सम्मेलन और आगामी जिला सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा की गई। संगठन को मजदूर, किसान और जनआंदोलन के मुद्दों से जोड़ने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का संकल्प लिया गया।

जिला सम्मेलन के लिए संयोजक मंडली का गठन किया गया, जिसमें शामिल हैं:

  • कयूम मलिक

  • नेमन यादव

  • चितरंजन महतो

  • मनोज महतो

  • घने नाथ चौधरी

वहीं संरक्षक के रूप में राज्य सचिव महेंद्र पाठक को नियुक्त किया गया है।
जिला सम्मेलन जून के अंतिम सप्ताह में आयोजित होगा, जिसकी निगरानी अशोक यादव और जैनेंद्र सिंह भंते करेंगे।

9 जुलाई की श्रमिक हड़ताल को भाकपा का समर्थन

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भाकपा 9 जुलाई को प्रस्तावित श्रमिक संगठनों की देशव्यापी हड़ताल का समर्थन करेगी। झारखंड में इस दौरान 2 घंटे का चक्का जाम किया जाएगा।

उपस्थित कार्यकर्ताओं में प्रमुख नाम:

  • मजहर लाल आलम

  • नंदन महली

  • राजकिशोर बेदिया

  • बरुण महतो
    और अन्य कार्यकर्ता बैठक में मौजूद थे।