रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ जिले के बरकाकाना से पढ़ाई करने वाले रोशन कुमार ने अपनी काबिलियत का लोहा मनवाते हुए जेईई एडवांस 2025 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 4036 प्राप्त की है। ओबीसी श्रेणी में उन्होंने 758वीं रैंक हासिल की है। रोशन की इस उपलब्धि से पूरे जिले में गर्व और खुशी की लहर दौड़ गई है।
छोटकी लारी से IIT तक की उड़ान
रोशन कुमार मूल रूप से छोटकी लारी गांव के निवासी हैं, हालांकि फिलहाल उनका परिवार रामगढ़ बाजार समिति के पास रहता है। उन्होंने बरकाकाना डीएवी पब्लिक स्कूल से 12वीं साइंस की पढ़ाई पूरी की है। विशेष बात यह है कि उन्होंने किसी कोचिंग संस्थान से तैयारी नहीं की, बल्कि स्वअध्ययन के बलबूते यह सफलता प्राप्त की।
स्कूल में हुआ सम्मान, मना जश्न
सोमवार को बरकाकाना डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में रोशन कुमार का ढोल-नगाड़े, फूल-मालाएं और मिठाइयों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण, सहपाठी और परिजनों ने उनकी इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाया।
प्राचार्य एम. मुस्तफा मजीद ने कहा,
“रोशन की सफलता न केवल हमारे स्कूल के लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। यह साबित करता है कि लगन और मेहनत से किसी भी मुकाम को पाया जा सकता है।”
आगे का सपना: IIT में दाखिला
रोशन अब देश के प्रतिष्ठित IIT संस्थानों में दाखिले की तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि संघर्ष और आत्मविश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। वे आने वाले समय में साइंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नवाचार करना चाहते हैं।
