रामगढ़ में बिजली संकट गहराया, जनजीवन प्रभावित शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो होगा जन आंदोलन: धनंजय कुमार पुटूस
रामगढ, झारखंड : जिले में इन दिनों लगातार हो रही अनियंत्रित और अनियमित बिजली कटौती से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दिन-रात बिना पूर्व सूचना बिजली की आवाजाही ने आम नागरिकों, व्यापारियों, छात्रों और आवश्यक सेवाओं को गहरा झटका दिया है।
इस गंभीर समस्या को लेकर भाजपा नेता व सांसद प्रतिनिधि (मीडिया) धनंजय कुमार पुटूस द्वारा शनिवार को झारखंड विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता को एक लिखित आवेदन सौंपा गया, जिसमें उन्होंने बिजली व्यवस्था में अविलंब सुधार की मांग की है। धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि रामगढ़ जिले के लोग इस बदहाल बिजली व्यवस्था से त्रस्त हो चुके हैं। व्यापार चौपट हो रहा है, छात्र परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रहे हैं, और घरों में पानी तक नहीं पहुंच पा रहा है। यह सब सहन नहीं किया जा सकता। अगर 7 दिनों के भीतर बिजली आपूर्ति में स्पष्ट और ठोस सुधार नहीं किया गया तो हम व्यापक जन आंदोलन शुरू करेंगे।
इस अवसर पर कई स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी और युवा भी मौजूद रहे जिन्होंने अपनी समस्याएं साझा कीं और आंदोलन में शामिल होने की घोषणा की।