रामगढ़ के दिगवार में 18 लाख की लागत से बनी पीसीसी सड़क छह माह में ही टूटी, ग्रामीणों ने जताया विरोध

Spread the love

रामगढ़  (कुजू) : नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 5 दिगवार में करीब 17.58 लाख रुपये की लागत से बनी पीसीसी सड़क महज छह माह में ही जर्जर हो गई है। यह सड़क एनएच-33 से परमेश्वर सिंह के घर तक बनाई गई थी, जिसका निर्माण नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार द्वारा कराया गया था।

हाल ही में हुई पहली बारिश में ही सड़क की परतें उखड़ गईं और जगह-जगह गड्ढे बन गए। इससे स्थानीय नागरिकों में नाराज़गी फैल गई है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग और लापरवाहीपूर्ण कार्यशैली का आरोप लगाया है।

पूर्व वार्ड पार्षद अर्जुन यादव, परमेश्वर सिंह, राजकुमार, दीपक कुशवाहा, आशीष कुमार, हेमंत महतो, करमचंद मांझी, सुरज महतो, तेतरी देवी, कौशल्या देवी और गीता देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क निर्माण की जांच कराने और संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मरम्मत और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।