रामगढ, झारखंड : रामगढ़ जिला कराटे संघ द्वारा आयोजित एक गरिमामय समारोह में राष्ट्रीय सब-जूनियर, जूनियर एवं कैडेट कराटे चैंपियनशिप (देहरादून, 12–15 जून) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
झारखंड राज्य की टीम ने इस प्रतियोगिता में कुल 10 पदक जीते, जिनमें से 3 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक रामगढ़ जिले के खिलाड़ियों के खाते में आए। शिवा यादव, अभिनव कुमार और प्रांजल कुमार ने स्वर्ण पदक, जबकि युक्ता राज ने कांस्य पदक जीतकर जिले और राज्य का मान बढ़ाया।
मुख्य अतिथि जिला कराटे संघ अध्यक्ष रेंशी नरेंद्र सिन्हा ने खिलाड़ियों की सफलता को जिले की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बताया। महासचिव शिहान शशि पांडेय ने इसे खिलाड़ियों, कोचों, अभिभावकों और संघ की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि रामगढ़ अब अंतरराष्ट्रीय मंच की ओर अग्रसर है।
कोच चंद्रप्रकाश उपाध्याय एवं कमल नायक, जो टीम के साथ देहरादून गए थे, को भी समारोह में विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर रेफरी कमीशन चेयरमैन सेंसई संजय सोनकर, डॉ. सुनील कश्यप, हरविंदर सिंह, निमेन्द्र चंचल समेत कई गणमान्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न, पुष्पगुच्छ एवं उनके अभिभावकों को सार्वजनिक सम्मान भी प्रदान किया गया।
यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों के लिए सम्मान का क्षण बना, बल्कि जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत सिद्ध हुआ। रामगढ़ जिला कराटे संघ ने संकल्प लिया कि आने वाले समय में जिले को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पहचान दिलाई जाएगी।
इस अवसर पर संघ के सक्रिय सदस्य – राहुल पांडेय, बिनय रंजन, पुष्पा पांडेय, चंद्रप्रकाश उपाध्याय, कमल नायक, प्रियंका कुमारी, प्रेम कुमार, राजन सिंह सहित कराटे जगत से जुड़े अनेक तकनीकी पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे।