कुजू, रामगढ़ : छोटकी डुंडी स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में शुक्रवार को पारंपरिक रथ यात्रा पूजन का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भगवान श्रीराम, माता जानकी और भाई लक्ष्मण को रथ पर विधिवत सवार कर भव्य शोभायात्रा के माध्यम से मौसी बाड़ी तक ले जाया गया।
ज्ञात हो कि दोटकी डुंडी में रथ यात्रा के अंतर्गत वर्षों से यह परंपरा रही है कि भगवान श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण को रथ पर सवार कर मौसी बाड़ी ले जाया जाता है। यह परंपरा क्षेत्र की गहरी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक मानी जाती है।
पूजन कार्यक्रम में रोहित सत्यदेव पांडेय, पंडित महेंद्र तिवारी, मुकेश तिवारी, संतोष पांडेय और शशिकांत पांडेय ने धार्मिक विधियों का संचालन किया। शोभा महतो, वीरू महतो, ठाकुर दास महतो, रामसेवक महतो, भीम महतो, अरुण महतो, महेंद्र करमाली, हरीश चंद्र महतो व रामजी महतो सपत्नीक यजमान बने और पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
मुख्य अतिथि के रूप में मांडू विधायक एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने कार्यक्रम में भाग लिया और इस पारंपरिक आयोजन की सराहना की।
पूजन के उपरांत भगवान को भोग अर्पित किया गया और प्रसाद का वितरण हुआ। शाम होते-होते रथ पर विराजमान भगवान राम, जानकी व लक्ष्मण की मौसी बाड़ी तक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। “जय श्रीराम” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम संचालन में योगदान देने वाले प्रमुख पदाधिकारी:
-
अध्यक्ष: वीरू महतो
-
सचिव: ठाकुर दास महतो
-
कोषाध्यक्ष: आशेश्वर कुमार
-
अन्य सहयोगी सदस्य: मुकेश कुमार महतो, राजेश महतो, अरुण कुमार, गणेश महतो, पंकज करमाली आदि।
मौसी बाड़ी पहुंचने के बाद विशेष पूजा की गई और श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। साथ ही मेले का आयोजन भी हुआ, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करता है, बल्कि स्थानीय सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकता और परंपरा के संरक्षण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।