भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस ने की गांधी प्रतिमा खंडित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

Spread the love

रामगढ, झारखंड : रामगढ़ शहर के गांधी चौक में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के हाथ को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित किया जाना अत्यंत निंदनीय, दुखद और शर्मनाक कृत्य है। यह सिर्फ एक प्रतिमा का नहीं, बल्कि पूरे देश की आत्मा और अहिंसा के प्रतीक महात्मा गांधी जी के आदर्शों का अपमान है।

भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार ‘पुटूस’ ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर शीघ्र कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत करने का दुस्साहस न कर सके।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन जल्द से जल्द महात्मा गांधी जी की प्रतिमा की मरम्मत कर उसे पूर्व स्थिति में स्थापित करे, ताकि जनता की भावनाओं को सम्मान मिल सके।

धनंजय कुमार पुटूस ने रामगढ़ की जनता से शांति, सद्भाव और भाईचारे की अपील करते हुए कहा कि महात्मा गांधी जी के बताए अहिंसा और सत्य के मार्ग पर चलना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।