रांची, झारखंड: राज्य के प्रख्यात उद्योगपति रामचंद्र रुंगटा का निधन हो गया है। वे लंबे समय से गले के कैंसर से पीड़ित थे और इलाज के क्रम में रविवार, 19 अक्टूबर 2025 को मुंबई में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था । स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई ले जाया गया था । जहाँ उन्होंने अंतिम साँस ली । उनके निधन की खबर से रांची, रामगढ़ समेत पूरे झारखंड के उद्योग जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, रामचंद्र रुंगटा ने अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत कोयले के कारोबार से की थी। इसके बाद उन्होंने रामगढ़ जिले में कई फैक्ट्रियों की स्थापना की। इनमें झारखंड इस्पात (रामगढ़), आलोक स्टील (करमा) और मां छिन्नमस्तिका इस्पात (हेहल-बरकाकाना) प्रमुख हैं। इसके साथ ही उन्होंने आरसी रुंगटा ग्रुप की स्थापना की थी, जिसने झारखंड के उद्योग जगत में अपनी मजबूत पहचान बनाई।
रविवार 19 अक्टूबर को ही उनके पार्थिव शरीर को बनारस ला कर अग्नि संस्कार किया गया । अन्य सारे क्रिया कर्म उनके रांची स्थित आवास पर संपन्न होगा ।
रामचंद्र रुंगटा को राज्य के उन चुनिंदा उद्योगपतियों में गिना जाता है जिन्होंने स्थानीय स्तर पर उद्योग विकास, रोजगार सृजन और इस्पात कारोबार को नई दिशा दी। उनके निधन से झारखंड के उद्योग क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।