
शो रूम के बाहर लोग

कैश काउंटर पर चोर की तसवीर सीसीटीवी में हुई कैद
रामगढ़, झारखंड :जिले में अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। टायर मोड़ कांके बार स्थित बजाज कंपनी के दोपहिया वाहनों के वोल्कन बजाज शो-रूम में बीती रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लगभग पांच लाख रुपये नकद और कुछ चेक चुरा लिए। यह रकम धनतेरस के दिन हुई दोपहिया वाहनों की बिक्री से संबंधित बताई जा रही है।
रविवार, 19 अक्टूबर 2025 की सुबह जब शो-रूम खोला गया, तब चोरी की घटना का खुलासा हुआ। बताया गया कि चोरों ने शो-रूम के पिछवाड़े स्थित बाथरूम के एक्झॉस्ट फैन को हटाकर अंदर प्रवेश किया। शो रूम में घुसे चोर व उनकी हरकत सीसीटीवी में कैद हुई है ।
शो-रूम के मालिक दिनेश पोद्दार ने बताया कि शनिवार की रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे शो-रूम बंद किया गया था। सुबह जब स्टाफ ने ताला खोला, तो देखा कि कैश गायब है और तिजोरी तोड़ी गई है। चोरी की जानकारी मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
इसके बाद एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद ने भी स्थल का निरीक्षण किया और जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।