रांची, झारखंड : राज्य पुलिस महकमे में जल्द ही बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकता है। झारखंड कैडर के कुल 16 आईपीएस अधिकारियों को अगले दो महीनों में पदोन्नति मिलने की संभावना है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने प्रस्ताव तैयार कर गृह विभाग के माध्यम से राज्य सरकार को भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही अधिसूचना जारी की जाएगी।
छह एसपी होंगे सेलेक्शन ग्रेड में प्रोन्नत
2013 बैच के छह पुलिस अधीक्षकों को सेलेक्शन ग्रेड में पदोन्नत करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इनमें हुर्दीप पी. जनार्दन, निधि द्विवेदी, अंशुमान कुमार, प्रशांत आनंद, हरिलाल चौहान और एक अन्य अधिकारी का नाम शामिल है।
पांच अधिकारी बनेंगे डीआईजी
2010 बैच की आईपीएस अधिकारी कुसुम पुनिया के साथ 2012 बैच के किशोर कौशल, अखिलेश वी. वरियर, अंजनी कुमार झा, मोहम्मद अर्शी और आनंद प्रकाश को डीआईजी रैंक में प्रोन्नति मिलने की संभावना जताई गई है।
तीन अधिकारियों को मिलेगा आईजी रैंक का दर्जा
2008 बैच के तीन अधिकारियों को डीआईजी से आईजी रैंक में पदोन्नति दी जाएगी। इनमें अनीश गुप्ता (वर्तमान में सीबीआई में डीआईजी), एम. तमिलवानन (नेशनल पुलिस अकादमी, हैदराबाद) और अजय लिंडा (डीआईजी, होमगार्ड एवं फायर सर्विस) शामिल हैं।
मनोज कौशिक को एडीजी रैंक में प्रोन्नति मिलेगी
2001 बैच के वरिष्ठ अधिकारी मनोज कौशिक को एडीजी रैंक में पदोन्नत किया जाएगा। वे फिलहाल रांची जोनल आईजी के साथ-साथ सीआईडी आईजी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, इन पदोन्नतियों के बाद झारखंड पुलिस में कई अहम पदों पर नई तैनातियाँ देखी जा सकती हैं।