उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, हेलमेट अनिवार्य करने पर दिया गया जोर

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : शुक्रवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार सहित कई वरीय पदाधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था में सुधार पर विशेष बल दिया। उन्होंने दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना अनिवार्य बताते हुए बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और चालान करने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि “हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं” अभियान जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर सख्ती से जारी रहेगा।

चुट्टूपालू घाटी में बार-बार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए उपायुक्त ने घाटी में लगाई गई लाइटों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और उन्हें हर हाल में सक्रिय रखने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्होंने घाटी में साइन बोर्ड की संख्या बढ़ाने, स्पीड नियंत्रण उपायों को सख्ती से लागू करने और ओवरस्पीडिंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त ने घाटी में हाई मास्ट लाइट, सीसीटीवी कैमरे लगाने, ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने और वाहन जांच अभियान को नियमित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अनुराग कुमार तिवारी को नियमित वाहन जांच चलाने और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।

साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं में मददगार नागरिकों को सम्मानित करने की पहल की घोषणा की गई ताकि लोग घायल व्यक्तियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। हिट एंड रन योजना की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए बैनर और पोस्टर के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि वाहन चालक हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में एनएचएआई, कार्यपालक अभियंताओं, एवं अन्य विभागीय अधिकारियों ने भी भाग लिया।