
रामगढ़ (झारखंड) : शिवाजी रोड स्थित बांकेबिहारी राधा रानी किला मंदिर में शुक्रवार को रामगढ़ गुजराती महिला मंडल की ओर से कार्तिक माह के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।
सुबह से ही मंदिर प्रांगण में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान बांकेबिहारी और राधा रानी को 56 भोग अर्पित किए गए। मंदिर परिसर में सुगंध, दीप और भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित गोविंद बल्लभ शर्मा ने पूजन-विधान संपन्न कराया। समाज की महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में भजन-कीर्तन करते हुए भगवान को रिझाने का प्रयास किया। घंटा-घड़ियाल की ध्वनि और भक्ति गीतों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने आरती में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में 56 भोग का प्रसाद सभी भक्तों में वितरित किया गया।
महिला मंडल की ओर से बताया गया कि कार्तिक माह में ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक एकता और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का माध्यम बनते हैं।
मौके पर मंडल की अध्यक्ष दीपा वडेरा, सदस्य चन्द्रिका कोटेचा, हीना कोटेचा, सुशीला माणिक, लीना बडेरा, जीनेशा बडेरा, सोनू बसंत, ममता बसंत, लीना जोवनपुत्रा, नलीनी माणिक, सारिता राठौर, प्रीति कोटेचा, मीनू कोटेचा, बबीता मेहता, स्वेता मेहता, वर्षा कोटेचा, भावता कोटेचा, पूनम कोटेचा व रेखा राठौर सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।