रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिला पेंशनर कल्याण समाज के जिला कार्यालय में शनिवार को भारत की पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लौह महिला स्व. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री सह गृहमंत्री भारत रत्न लौह पुरुष स्व. सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह एवं उपस्थित पेंशनरों द्वारा स्व. इंदिरा गांधी और स्व. सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी दूरदर्शिता और साहस की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने पाकिस्तान को हराकर बांग्लादेश का निर्माण कराया, हरित क्रांति की शुरुआत की, बैंक, कोयला खदान और एलआईसी का राष्ट्रीयकरण किया तथा सिक्किम का भारत में विलय कराया—ये सभी कार्य उन्हें विश्व इतिहास में अमर करते हैं।
सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वल्लभभाई पटेल में सच्चाई और अदम्य साहस था। उन्होंने देशी रियासतों के विलय में जो कूटनीतिक कौशल दिखाया, वह अद्वितीय था और आधुनिक भारत की नींव को मजबूत करने वाला साबित हुआ।
इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष देवशरण महतो, रामप्रसाद महतो, लाल बहादुर चौधरी सहित कई वक्ताओं ने स्व. इंदिरा गांधी एवं स्व. सरदार पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, प्रखंड अध्यक्ष देवशरण महतो, लाल बहादुर चौधरी, रमेश कुमार महतो, सुभाष ठाकुर, त्रिभुवन महतो, प्रेम कुमार महतो, डब्लू कुमार और शुभम कुमार सहित कई पेंशनर उपस्थित थे।