
सरदार पटेल की प्रतिमा पर मौजूद अतिथि
रामगढ़ (झारखंड) : पटेल छात्रावास समिति कांकेबार के तत्वावधान में शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ भव्य रूप से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सुरेश महतो ने की तथा उद्घाटन पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो (तिवारी महतो), पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो और पूर्व विधायक सुनीता चौधरी उपस्थित रहे।
जयंती समारोह का उद्घाटन अतिथियों ने सरदार पटेल, पूर्व प्रमुख रिझुनाथ चौधरी एवं भू-दाता हरिलाल महतो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में सुदेश महतो ने कहा कि “सामाजिक एकता के साथ शिक्षा हमें विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। हमारी पीढ़ी को इसे आत्मसात करना होगा।” उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने भारत की एकता के लिए जो योगदान दिया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है। रामगढ़ की धरती पर 1940 में महात्मा गांधी और सुभाषचंद्र बोस जैसे नेता पहुंचे थे, जिससे यह क्षेत्र ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण बन गया।
गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि “लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती एकता और कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प लेने का अवसर है। उनके विचारों को आत्मसात करके ही अखंड और सशक्त भारत के सपने को साकार किया जा सकता है।”
कार्यक्रम का संचालन लालचंद महतो ने किया। इस दौरान सिल्ली की हेमली कुमारी ग्रुप द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई।
मौके पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे, जिनमें जिप अध्यक्ष सुधा चौधरी, जिप सदस्य धनेश्वर महतो उर्फ डीएम, प्रीति दिवान, ब्रह्मदेव महतो, मनोज महतो, डॉ. सुनिल कश्यप, शीतल प्रसाद, नितीश निराला, राजेश महतो, रौशन महतो, देवधारी महतो और अन्य शामिल थे।