चैंपियंस क्लब रामगढ़ के खिलाड़ियों ने कराटे की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चमक बिखेरी, जीते दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक

Spread the love

 

 कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू स्थित द चैंपियंस क्लब के खिलाड़ियों ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। क्लब के चार खिलाड़ियों ने पांचवीं ईस्ट इंडिया कराटे चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक अपने नाम किए।

यह राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता भुवनेश्वर स्थित उत्कल कराटे स्कूल में आयोजित की गई थी, जिसमें भारत के ईस्ट जोन के सभी राज्यों के प्रतिभाशाली कराटे खिलाड़ियों ने भाग लिया। झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कुजू रामगढ़ क्षेत्र के द चैंपियंस क्लब से रवि सोरेन, नैंसी सिंह, नैतिक वत्स, नव्या निमति, अर्पिता कुमारी मिश्रा और अदिति कुमारी मिश्रा ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में नैंसी सिंह और नैतिक वत्स ने स्वर्ण पदक जीतकर क्लब का मान बढ़ाया, वहीं अर्पिता कुमारी मिश्रा और अदिति कुमारी मिश्रा ने कांस्य पदक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों की इस सफलता पर क्लब के प्रशिक्षक सेन्सी सुमित कुमार सहित अभिभावक मनोज कुमार सिंह, भारती सिंह, शैलेन्द्र पाण्डेय, राहुल सिंह, राधिका सिंह, समीर कुमार, मनीष कुमार एवं क्षेत्र के अन्य खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।