लातेहार, झारखंड : एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लातेहार जिला परिषद कार्यालय के बड़ा बाबू संतोष सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि वे किसी कार्य के निष्पादन के बदले 65,000 रुपये की रिश्वत ले रहे थे।
एसीबी की टीम ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत ट्रैप ऑपरेशन चलाया और मौके पर ही संतोष सिंह को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद विभागीय दफ्तरों में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, टीम ने संतोष सिंह को पकड़े जाने के बाद उन्हें पलामू ले जाया है जहां प्राथमिक पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही जपला और रांची स्थित उनके आवास पर छापेमारी भी जारी है। छापे में आय से अधिक संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिलने की संभावना जताई जा रही है।
एसीबी की इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।