पतरातू (रामगढ़), झारखंड : पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) में गुरुवार को एनटीपीसी के 51वें स्थापना दिवस को उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर प्रीफैब क्षेत्र तथा संयंत्र परिसर में सामूहिक वृक्षारोपण किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता एक बार फिर सामने आई।
कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार सेहगल एवं स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्ष रेनू सेहगल ने किया। इनके साथ मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) अनुपम मुखर्जी, महाप्रबंधक (ओ&एम) मनीष क्षेत्रपाल, महाप्रबंधक (परियोजना) विष्णु दत्ता दाश, महाप्रबंधक (रखरखाव) ओपी सोलंकी, महाप्रबंधक (टीएस) संगीता दाश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद परियोजना कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया, जिसमें सभी कर्मचारियों ने एनटीपीसी के मूल सिद्धांतों व राष्ट्रीय ऊर्जा मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इसके उपरांत कर्मचारियों ने एनटीपीसी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह के वर्चुअल संबोधन को सुना। उन्होंने पीवीयूएनएल के यूनिट-1 के सफल वाणिज्यिक संचालन (COD) पर टीम को बधाई दी और इसे एनटीपीसी की प्रगति यात्रा में महत्त्वपूर्ण कदम बताया। साथ ही उन्होंने देशभर की परियोजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कर्मचारियों को ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास में और अधिक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ हुआ, जहां पीवीयूएनएल परिवार ने हरित विकास और उत्कृष्टता की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।