उर्दू दिवस पर 9 नवंबर को 72 चयनित प्रतिभागी होंगे सम्मानित, डीसी और एसपी करेंगे पुरस्कृत

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : अंजुमन फ़रोग़-ए-उर्दू, रामगढ़ जिला इकाई की ओर से अल फातिमा गर्ल्स हाई स्कूल, गोलपर में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। उत्तरी छोटानागपुर प्रभारी डॉ शाहनवाज़ खान ने जानकारी दी कि आगामी 9 नवंबर को उर्दू दिवस के अवसर पर जिले के 72 चयनित अभ्यर्थियों को उपायुक्त रामगढ़ और पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम नई सराय ईदगाह मेन रोड, रामगढ़ में सुबह 10 बजे शुरू होगा। डॉ. खान के अनुसार, उर्दू दिवस मनाने का उद्देश्य सिर्फ औपचारिक उत्सव नहीं है, बल्कि उर्दू भाषा की पढ़ाई-लिखाई को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को इससे जोड़ना है। इसी उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रतियोगिताएँ एवं जागरूकता अभियान चलाए गए।

समारोह के मुख्य संयोजक हाजी रईस खान ने बताया कि कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त फैज़ अक अहमद मुमताज़, विशिष्ट अतिथि के रूप में आरक्षी अधीक्षक अजय कुमार तथा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अनवर अहमद अंसारी शामिल होंगे। मुख्य वक्ता वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शहज़ादा अनवर होंगे।
इसके अलावा डॉ. ग़ालिब नश्तर, डॉ. जाकिरुल्लाह मिस्बाही, रिसर्च स्कॉलर जेबा शाहीन, कांग्रेसी नेता तारिक अनवर और प्रदीप करमाली भी अपने विचार रखेंगे।

सह संयोजक हाजी फ़ख़रे आलम ने बताया कि पतरातू, गोला, मांडू, रामगढ़, दुलमी और चितरपुर सहित छह प्रखंडों में प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इनमें 1125 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 72 प्रतिभागियों का चयन किया गया। प्रतियोगिताएँ दो श्रेणियों—उर्दू ज्ञान प्रतियोगिता और उर्दू लेखन प्रतियोगिता—में कराई गईं। उम्र के आधार पर प्रतिभागियों को जूनियर (10–15 वर्ष) और सीनियर (16–20 वर्ष) वर्ग में विभाजित किया गया था।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में संरक्षक अब्दुल रशीद, संयोजक आरिफ कुरैशी और नई सराय के सदर सलीम खान मौजूद रहे।