मांडू, रामगढ़ (झारखंड) : मांडू पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को हेसागढ़ा के पास पत्थर (छरी) से लदा एक 16 चक्का हाइवा डंपर जब्त किया गया। जानकारी के अनुसार, यह वाहन रांची से अवैध रूप से पत्थर लादकर बिहार की ओर जा रहा था।
जैसे ही पुलिस और खनन विभाग की टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए। खनन विभाग के अधिकारियों ने वाहन की जांच कर आवश्यक दस्तावेजों की मांग की, लेकिन कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
इसके बाद वाहन को जब्त कर मांडू थाना परिसर में रखा गया है। खनन विभाग की ओर से वाहन मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब फरार चालक और वाहन मालिक की तलाश में जुट गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध खनन और पत्थर ढुलाई की गतिविधियाँ लगातार बढ़ रही हैं, जिस पर रोक लगाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर अभियान तेज किया गया है।