रजरप्पा( रामगढ़ ) , झारखंड :बोरोबिंग स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के समीप स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण मुख्य अतिथि आयकर आयुक्त रांची निशा उरांव तथा विशिष्ट अतिथियों डीएसपी मिथुन कुमार मुंडा, अमृत लाल मुंडा, प्रोफेसर डॉ. रिझु नायक, मुखिया बंसती देवी, सब-इंस्पेक्टर उमेश बेदिया और बीस सूत्री अध्यक्ष दिनेश मुंडा द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। अतिथियों का स्वागत आदिवासी पारंपरिक रीति-रिवाज से किया गया।
मुख्य अतिथि निशा उरांव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है, तभी उनका सपना साकार होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान बिरसा मुंडा के आशीर्वाद से झारखंड आने वाले 25 वर्षों में वैश्विक पहचान बनाएगा। उन्होंने झारखंड स्थापना दिवस और जनजातीय गौरव दिवस पर झारखंडवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों के बलिदान को सदैव सम्मान दिया जाएगा।
वक्ताओं ने बिरसा मुंडा की महान विरासत को याद करते हुए कहा कि समाजिक उत्थान, शिक्षा, संस्कृति और जनकल्याण में उनकी प्रेरणा आज भी प्रासंगिक है।
इस अवसर पर बोरोबिंग के बिरसा क्लब द्वारा जयंती सह प्रतिमा अनावरण समारोह के उपलक्ष्य में नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकार मजबूल खान के गीतों ने उपस्थित दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम का संचालन आयोजन समिति के अध्यक्ष सतीश मुंडा ने किया। मौके पर समाजसेवी मनोज नायक, अभियंता मनीराम मुंडा, बढ़न राम दांगी, मुकुल हेम्ब्रम, सचिव जगरनाथ बेदिया, कोषाध्यक्ष अमित मुंडा, कृति करमाली, अवधेश मुंडा, विश्वजीत मुंडा, राजेंद्र करमाली, दीपक मुंडा, दिलीप करमाली, कई वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे।