नाली निर्माण में अनियमितता की शिकायत : सांसद प्रतिनिधि ने किया स्थल निरीक्षण 

Spread the love

चितरपुर (रामगढ़), झारखंड : चितरपुर क्षेत्र में नाली निर्माण को लेकर उठी शिकायतों के बाद रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने रविवार को घासी टोला से दारूल मोताला तक निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति देखी और उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत की।

ग्रामीणों ने बताया कि डीयूएफ योजना के तहत स्वीकृत नाली निर्माण में संवेदक मनमानी कर रहा है। पहले नाली की खुदाई सड़क के बीचोंबीच की जानी थी, ताकि बरसात और घरेलू जल निकासी सुचारू रूप से हो सके। लेकिन अब संवेदक द्वारा इसे जबरन दक्षिण दिशा में बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में सड़क पर कचरा और दूषित जल का जमाव बढ़ने की संभावना है। ग्रामीणों ने कहा कि उनकी आपत्तियों को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है।

सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने ग्रामीणों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और आश्वासन दिया कि वे संबंधित विभागीय अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि जनसुविधा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

गौरतलब है कि ग्रामीणों ने पूर्व में सांसद मनीष जायसवाल को लिखित आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया था, जिसके बाद सांसद प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर भौतिक स्थिति का जायजा लिया। मौके पर कई ग्रामीण उपस्थित थे।