रामगढ़ में सब्जी व्यवसायी के खाते से पेटीएम के जरिए उड़ाए गए 1.91 लाख रुपये, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : सब्जी व्यवसायी के बैंक खाते से पेटीएम के माध्यम से 1 लाख 91 हजार 265 रुपये निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। पूर्णी मंडप निवासी मुन्ना खान ने इसकी शिकायत पुलिस और बैंक दोनों से की है। घटना 28 और 30 नवंबर 2025 की बताई जा रही है।

कैसे हुई डिजिटल ठगी ?

मुन्ना खान के बैंक ऑफ इंडिया, रामगढ़ शाखा के खाते से 28 नवंबर को 95,765 रुपये, 30 नवंबर को 45,500 रुपये, उसी दिन 30 नवंबर को  50,000 रुपये यूपीआई ट्रांसफर के जरिए निकाले गए।

मंगलवार को पुराने मैसेज पढ़ने पर उन्हें इन ट्रांजेक्शनों की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तत्काल बैंक पहुंचकर शिकायत की और आगे होने वाली निकासी को रोकने का अनुरोध किया। हालांकि बैंक अधिकारियों ने यूपीआई ट्रांजेक्शन में हस्तक्षेप करने में असमर्थता जताई।

असफल ट्रांजेक्शन का भी पता चला

बैंक स्टेटमेंट निकालने पर यह भी सामने आया कि हरिहर वर्मा और मैना इंटरप्राइजेज के नाम से खाते से पैसे निकालने की कोशिश की गई थी, लेकिन वे ट्रांजेक्शन फेल हो गए।

पुलिस जांच शुरू

मुन्ना खान ने पूरे मामले की लिखित शिकायत रामगढ़ थाना में दर्ज करा दी है। पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और डिजिटल धोखाधड़ी के एंगल से पूरे प्रकरण को परखा जा रहा है।