बरही (हज़ारीबाग), झारखंड : हज़ारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में महिला और बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पंचमाधव स्थित गंगटाही पुल के पास उस समय हुआ, जब एक स्विफ्ट कार (WB 44A 0415) तेज रफ्तार में फोरलेन सड़क के डिवाइडर से टकरा गई।
डिवाइडर से टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोग बंगाल से बिहार की ओर जा रहे थे। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को बरही अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक महिला, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं।
घायलों में धर्मेंद्र यादव और शिवम कुमार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
बरही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और वाहन की क्षतिग्रस्त स्थिति देखकर प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को कारण माना जा रहा है।