रामगढ़, झारखंड : भारतीय वायु सेना के 10 एयरमैन चयन केंद्र के दल ने सोमवार को रामगढ़ कॉलेज में करियर जागरूकता अभियान का आयोजन किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद कर वायु सेना में उपलब्ध विभिन्न प्रवेश योजनाओं, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं तथा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी शाखाओं में करियर निर्माण के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने वायु सेना सामान्य प्रवेश परीक्षा (एएफसीएटी) तथा एयरमैन भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने युवाओं को बताया कि वायु सेना न केवल रोजगार का अवसर देती है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना भी विकसित करती है।
दिन के दूसरे सत्र में भारतीय वायु सेना दल ने जिले में चल रहे अखिल भारतीय एनसीसी शिविर का निरीक्षण किया। यहाँ विभिन्न राज्यों से आए कैडेटों से बातचीत करते हुए अधिकारियों ने टीमवर्क, अनुशासन और निरंतर कौशल विकास को रक्षा सेवाओं में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। प्रश्न–उत्तर सत्र में कैडेटों ने चयन प्रक्रिया, शारीरिक दक्षता मानकों तथा प्रशिक्षण के बारे में अनेक सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया।
यह जन-जागरूकता कार्यक्रम भारतीय वायु सेना की उस व्यापक पहल का हिस्सा है, जिसके तहत देशभर के शैक्षणिक संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। रामगढ़ में आयोजित इस अभियान को विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों की व्यापक सराहना मिली, जो युवाओं में रक्षा क्षेत्र को लेकर बढ़ती रूचि को दर्शाता है।