रामगढ़, झारखंड : पतरातु विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL), जो एनटीपीसी और जेबीवीएनएल के संयुक्त उपक्रम के रूप में पतरातू में 3×800 मेगावॉट ताप विद्युत उत्पादन परियोजना का संचालन कर रहा है, ने स्थानीय निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक सूचना जारी की है।
कंपनी ने बताया कि यूनिट-2 के संचालन पूर्व आवश्यक परीक्षण गतिविधियों के तहत स्टीम ब्लोइंग प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया 5 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होगी।
प्रक्रिया के दौरान तेज ध्वनि होगी उत्पन्न
PVUNL की ओर से जारी सूचना के अनुसार, इस अवधि में पाइपलाइनों की सफाई के लिए उच्च दबाव पर भाप छोड़ी जाएगी, जिससे वातावरण में तीव्र आवाज़ उत्पन्न होगी। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया संयंत्र के सुरक्षित और प्रभावी संचालन के लिए अनिवार्य है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
कंपनी ने संभावित असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हुए स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की है। साथ ही अनुरोध किया है कि इस सूचना को आसपास के सभी ग्रामीणों तक पहुंचाया जाए, ताकि लोग ध्वनि के कारण उत्पन्न होने वाली असुविधा से पहले ही अवगत हो सकें।
सूचना की प्रतिलिपि कई प्रशासनिक इकाइयों को भेजी गई
यह सूचना सयंत्र के आस पास के पंचायतों के मुखिया , अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी पतरातू-बसल और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को भी भेजी गई है, ताकि क्षेत्र में व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से सुनिश्चित की जा सकें। इस सम्बन्ध में पत्र उप महाप्रबंधक (आर एंड आर), PVUNL, पतरातू राजेश गहुँम द्वारा जारी किया गया है।