रामगढ़ : इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ ने कराया “एंटी सेक्शुअल हैरेसमेंट अवेयरनेस प्रोग्राम”, छात्रों को दिए कानूनी अधिकारों की जानकारी

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ द्वारा महिला सुरक्षा एवं सम्मानजनक कार्यस्थल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामशोभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बनखेता  (चुट्टूपालू), रामगढ़ में एंटी–सेक्शुअल हैरेसमेंट अवेयरनेस प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम से जुड़े कानूनी प्रावधानों, अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज की प्राचार्या डॉ. ज्योति वालिया के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम शैक्षणिक संस्थानों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। साथ ही इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की सामाजिक योगदान के प्रति सराहना की।

इस अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती नमिता श्रॉफ ने क्लब की गतिविधियों एवं कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं सम्मानजनक माहौल का निर्माण केवल कानून से नहीं, बल्कि जागरूकता, संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी से सम्भव है।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता श्रीमती अनीशा श्रॉफ, जो स्ट्रैटेज लॉ पार्टनर्स में पार्टनर हैं और रोजगार कानून एवं कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न मामलों में 17 वर्षों से अधिक अनुभव रखती हैं, ने यौन उत्पीड़न की परिभाषा, उसके विभिन्न रूपों, रोकथाम उपायों तथा आंतरिक शिकायत समिति (ICC) की भूमिका पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को किसी भी असहज स्थिति में निर्भय होकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा कर्मचारियों ने भाग लिया और इसे अत्यंत उपयोगी एवं जागरूकता बढ़ाने वाला बताया।

इस मौके पर अनुराधा श्रॉफ, रंजू अग्रवाल, नीरु साहनी, विजयालक्ष्मी अयंगर, पिंकी गांधी, नीति अरोरा, नवलजीत कौर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहीं।