रामगढ़ कैंट, झारखंड : शहर के गोला रोड स्थित श्री मारवाड़ी धर्मशाला सभागार में रविवार की अपराह्न जीण माता समिति रामगढ़ द्वारा आठवीं बार भव्य मंगल पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग ढाई सौ महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जिससे पूरा परिसर श्रद्धा और भक्ति भाव से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का संचालन बोकारो से आई सुनीता शर्मा ने किया, जिन्होंने मंगल पाठ कराया। इसके साथ ही कोलकाता से आई नृत्य नाटिका टीम द्वारा जीण माता के जीवन पर आधारित मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
सांस्कृतिक वातावरण को और अधिक भावपूर्ण बनाने के लिए स्थानीय भजन गायक कमल बगड़िया, निखिल गोयल और महेश अग्रवाल ने भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के आरंभ में पंडित मदन लाल शर्मा ने यजमान महावीर खंडेलवाल, रेनू खंडेलवाल, विकास केडिया एवं श्रीमती त्रिशा केडिया के साथ पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत कराई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रभात अग्रवाल और उनकी पत्नी रजनी अग्रवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से सहभागिता की।