रामगढ़, झारखंड : पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग लिमिटेड (बीएफसीएल) के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिला प्रशासन को कड़ा पत्र सौंपा है। उपायुक्त रामगढ़ को दिए गए पत्र में उन्होंने फैक्ट्री से हो रहे कथित प्रदूषण पर गंभीर आरोप लगाते हुए स्पष्ट कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जन आंदोलन किया जाएगा।
शंकर चौधरी ने बताया कि रामगढ़, झारखंड के रांची रोड, मरार, भरकनगर, नईसराय, हेसला सहित आसपास के इलाकों में बीएफसीएल फैक्ट्री के कारण लोग लंबे समय से प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। नागरिकों को प्रदूषण से मुक्ति दिलाने के लिए पिछले एक वर्ष से आंदोलन करना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित विभाग कथित तौर पर कुंभकर्णी नींद में है।
पूर्व विधायक ने कहा कि स्वयं माननीय मुख्यमंत्री द्वारा आलोक इंडस्ट्रीज द्वारा फैलाये जा रहे औद्योगिक प्रदूषण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पूर्व विधायक ने लिखा है कि यह शर्म की बात है कि प्रदूषण के मामले में मुख्यमंत्री को सोशल मीडिया पर लिखना पड़ता है। उन्होंने सवाल उठाया कि रामगढ़, झारखंड की सबसे बड़ी फैक्ट्री बीएफसीएल पर अब तक कठोर नियम क्यों लागू नहीं किए गए।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि फैक्ट्री तक जाने वाली सड़कें संकरी बस्तियों के बीच से गुजरती हैं, जबकि प्रतिदिन लगभग 300 ट्रकों का आवागमन होता है, जिससे स्थानीय गरीब आबादी का जीवन दूभर हो गया है।
शंकर चौधरी ने उपायुक्त से बिना पूर्व सूचना के स्वयं फैक्ट्री का निरीक्षण करने की मांग की है। शंकर चौधरी ने उपायुक्त को लिखा है कि अगर आप निरीक्षण कर संतुष्ट हो जायेंगे कि स्थिति सही है तो मैं भी संतुष्ट हो जाउंगा । उन्होंने कहा कि यदि 20 जनवरी 2026 तक निरीक्षण नहीं किया गया, तो वे 20 से 22 जनवरी 2026 तक शांतिपूर्ण धरना देंगे, जो प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। धरना में वाहनों के कागजात देखने के लिए डीटीओ को भी उपस्थित होने का अनुरोध किया जाएगा ।
श्री चौधरी ने लिखा है कि अगर आप कार्रवाई करते हैं तो क्षेत्र की 50 हजार जनता को आप राहत पहुंचायेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रस्तावित आंदोलन में रामगढ़, झारखंड की जनता का समर्थन रहेगा तथा इसमें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की सहभागिता भी होगी। इस संबंध में जानकारी पूर्व विधायक ने पत्रकार सम्मेलन कर दी । पत्रकार सम्मेलन में प्रकाश मिश्रा, रविंद्र शर्मा, देवेंद्र सिंह, चरण केवट, सुनील महतो, परमेश्वर महतो, कमलनाथ महतो, भगवान साव, धर्मवीर चौधरी, महेश मालाकार, मुन्ना साव, हासिम खान समेत अन्य लोग मौजूद थे।