महारत्न कंपनियों की तर्ज पर कोल इंडिया अधिकारियों के वेतनमान को मंजूरी, एरियर मिलने की संभावना

Spread the love

नई दिल्ली /  कोलकाता :  कोल इंडिया लिमिटेड के अधिकारियों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। कोयला मंत्रालय ने कंपनी के अधिकारियों के वेतनमान को महारत्न कंपनियों के अनुरूप संशोधित करने को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इसके तहत अब कोल इंडिया के अधिकारियों को संशोधित पे-स्केल और भत्ते मिलने का रास्ता साफ हो गया है। मंत्रालय की स्वीकृति के बाद अब केवल औपचारिक अधिसूचना (पत्र) जारी होना बाकी है।

कोल माइंस ऑफिसर्स एसोसिएशन से जुड़े वरीय अधिकारियों के अनुसार, वेतनमान सुधार से जुड़ी लगभग सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। पत्र जारी होते ही इसे आधिकारिक रूप से लागू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही अधिकारियों के वेतन में वृद्धि होगी और बकाया एरियर मिलने की संभावना भी बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, 7 जनवरी को कनीय अधिकारियों की ओर से जबलपुर हाईकोर्ट में दायर याचिका की सुनवाई के दौरान कोल इंडिया द्वारा इस निर्णय का उल्लेख किए जाने की उम्मीद है। इसके बाद कोल इंडिया प्रबंधन इसे सार्वजनिक करेगा। इस मामले में जबलपुर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए केंद्रीय कोयला सचिव को निर्देश दिया था कि 7 जनवरी 2026 तक अंतिम निर्णय लें, अन्यथा उन्हें व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होना होगा।

दरअसल, कोयला कर्मचारियों के 11वें वेतन समझौते (एनसीडब्ल्यूए-11) के बाद वेतन विसंगति उत्पन्न हो गई थी, जहां कई मामलों में कर्मचारियों का वेतन अधिकारियों से अधिक हो गया। इसी विसंगति को दूर करने की मांग को लेकर मामला न्यायालय तक पहुंचा था। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद कोयला मंत्रालय ने संयुक्त सचिव भवानी प्रसाद पती के नेतृत्व में एक समिति गठित की थी।

इस समिति ने कोल इंडिया अधिकारियों के वेतन ग्रेड को ओएनजीसी और एनटीपीसी जैसी अन्य महारत्न कंपनियों के समकक्ष लाने की सिफारिश की है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर ही मंत्रालय ने पे-स्केल अपग्रेडेशन को हरी झंडी दी है।

अनुमान है कि इस वेतनमान सुधार से कोल इंडिया पर सालाना करीब 515 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। वर्तमान में ई-वन ग्रेड के अधिकारियों का न्यूनतम वेतन 40 हजार रुपये है, जिसे अब महारत्न मानकों के अनुरूप बढ़ाया जाएगा।

अनुशंसित वेतनमान (पे-ग्रेड) :

  • ई-1 ग्रेड: ₹60,000 – ₹1,80,000

  • ई-2 ग्रेड: ₹70,000 – ₹2,00,000

  • ई-3 ग्रेड: ₹80,000 – ₹2,20,000

  • ई-4 ग्रेड: ₹90,000 – ₹2,40,000

  • ई-6 ग्रेड: ₹1,20,000 – ₹2,80,000

  • सीएमडी व एस-ए ग्रेड: ₹2,00,000 – ₹3,70,000

वेतनमान संशोधन को लेकर लंबे समय से चल रही मांग के पूरा होने से कोल इंडिया अधिकारियों में संतोष का माहौल है।