खूंटी में राजनीतिक नेता सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या, विरोध में 8 जनवरी को खूंटी बंद का ऐलान

Spread the love

खूंटी, झारखंड : अखिल भारतीय झारखंड पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पड़हा राजा सोमा मुंडा की बुधवार शाम अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुआदाग गांव के समीप घटी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमा मुंडा अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से खूंटी से जमुआदाग होते हुए अपने पैतृक गांव चलागी लौट रहे थे। इसी दौरान जमुआदाग मार्ग स्थित तालाब के पास पीछे से एक बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया और फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों द्वारा की गई दो राउंड फायरिंग में एक गोली सोमा मुंडा के सीने में लग गई।

गोली लगने के बाद उन्होंने बाइक रोक दी, लेकिन कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई और वे सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मंदरूटोली की दिशा में फरार हो गए। घटना के बाद सोमा मुंडा की पत्नी किसी तरह ऑटो से खूंटी थाना पहुंची और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सोमा मुंडा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जांच के लिए प्रशिक्षु डीएसपी रामप्रवेश कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर किशुन दास, खूंटी थाना प्रभारी मोहन कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की।

क्षेत्र के सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सोमा मुंडा की हत्या की खबर फैलते ही पूरे खूंटी जिले में सनसनी फैल गई है। घटना के विरोध में आदिवासी समन्वय समिति ने 8 जनवरी को खूंटी बंद का आह्वान किया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।