रामगढ़ में अपराध पर शिकंजा : एसपी अजय कुमार ने रात्रि पेट्रोलिंग व एंटी-क्राइम चेकिंग का किया औचक निरीक्षण

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले में बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार (भा.पु.से.) द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 06.01.2026 को पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ ने जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे स्वयं उपस्थित रहकर अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर लगातार एंटी-क्राइम चेकिंग करें तथा इसकी प्रविष्टि रक्षक ऐप में अनिवार्य रूप से दर्ज करें। साथ ही रात्रि में स्वयं पेट्रोलिंग कर चोरी, गृहभेदन, लूट एवं डकैती जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

इन्हीं निर्देशों के अनुपालन की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक स्वयं भ्रमणशील रहे। इस दौरान रामगढ़ थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों—कोठार, चट्टी बाजार, झंडा चौक, धाना चौक एवं सुभाष चौक—पर रुककर क्षेत्र का मुआयना किया गया। इस क्रम में पु.नि. सह थाना प्रभारी, रामगढ़ को नियमित पेट्रोलिंग करने, टाइगर मोबाइल को रात्रि में हुटर बजाते हुए भ्रमणशील रखने का निर्देश दिया गया। थाना चौक, सुभाष चौक एवं पटेल चौक पर पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया तथा सभी पेट्रोलिंग व टाइगर मोबाइल के वर्तमान लोकेशन की भी जांच की गई।

इसके बाद कुज्जू ओपी का औचक निरीक्षण किया गया। पुलिस निरीक्षक, मांडू अंचल, थाना प्रभारी मांडू, ओपी प्रभारी कुज्जू एवं वहां प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र को भयमुक्त बनाने, अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई, लगातार एंटी-क्राइम चेकिंग, छापामारी अभियान चलाने तथा आसूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। ओपी की सुरक्षा, हाजत की सुरक्षा हेतु संतरी ड्यूटी व पहरा ड्यूटी की भी जांच की गई और कर्तव्यों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया। इसके उपरांत कुज्जू ओपी क्षेत्र के संवेदनशील स्थान—नया मोड़, नईसराय एवं रांची रोड—का भी निरीक्षण किया गया।

पुलिस अधीक्षक द्वारा रामगढ़, झारखंड जिले के अन्य थाना व ओपी क्षेत्रों में भी औचक जांच की गई। जांच के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं सभी थाना/ओपी प्रभारी स्वयं एंटी-क्राइम चेकिंग करते हुए पाए गए। सभी अधिकारियों को व्यापारियों की सुरक्षा, ज्वेलरी दुकानों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, जेल से छूटे अपराधियों एवं संगठित अपराध से जुड़े तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही चोरी, गृहभेदन, लूट व डकैती की घटनाओं पर अंकुश लगाने और घटित मामलों के शीघ्र उद्भेदन पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सख्त चेतावनी दी कि किसी भी बड़ी आपराधिक घटना की स्थिति में संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में दिनांक 07.01.2026 को पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार ने बीती रात दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जांच हेतु स्वयं गोला एवं रजरप्पा थाना क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोला थाना क्षेत्र के हेमतपुर, धमनाटॉड, मगनपुर, डीवीसी चौक, गोला बाजार, रजरप्पा मोड़, नकटीगड़ा, तोयर, भेड़ा पुल तथा रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत रजरप्पा मोड़, चितरपुर, मुरबंदा, रेलवे ओवरब्रिज के पास, न्यामोड़ चौक एवं बारलौंग चौक के समीप वाहनों को रोककर स्वयं की मौजूदगी में एंटी-क्राइम चेकिंग की गई। मौके पर उपस्थित थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।