गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में हुआ बैठक का आयोजन

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  आगामी गणतंत्र दिवस  के मद्देनजर बुधवार को जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली झांकियों के मद्देनजर बैठक के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विभागों का चयन करते हुए उनके संबंधित अधिकारियों को इस वर्ष योजनाओं अथवा विकास कार्यों से सबंधित थीम चयनित करते हुए थीम के आधार पर झांकी आयोजित करने का निर्देश दिया।

गणतंत्र दिवस के दिन आयोजित होने वाले परेड के लिए 18 जनवरी एवं 20 जनवरी से 22 जनवरी तक पूर्वाभ्यास किया जाएगा एवं अंतिम अभ्यास 24 जनवरी को संपन्न होगा। इस संबंध में उपायुक्त ने पूर्वाभ्यास के दौरान मैदान में एंबुलेंस एवं चिकित्सा दल की प्रतिनियुक्ति करते हुए किसी भी स्वास्थ्य इमरजेंसी के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर मैदान के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, जमीन समतलीकरण व अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में उपायुक्त ने नजारत उप समाहर्ता सहित अन्य अधिकारियों को आपस में समन्वय करते हुए कार्य संपन्न कराने का निर्देश दिया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर 25 जनवरी रात्रि 10:00 बजे से 26 जनवरी रात्रि 12:00 बजे तक जिले के सभी मधशालाओ  एवं बधशालाओं को बंद रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश उपायुक्त ने सहायक आयुक्त उत्पाद को दिया।

इन सबके अलावा उक्त बैठक के दौरान झंडोत्तोलन के समय परेड की व्यवस्था, परेड के पूर्वाभ्यास की व्यवस्था, राष्ट्रीय गान, विधि व्यवस्था आदि विषयों पर भी चर्चा करते हुए महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए गए।

उक्त बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी,  जिला स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे।

झंडोत्तोलन के लिए निर्धारित समय

गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह स्थानीय सिदो-कान्हू मैदान में पूर्वाह्न 9ः05 बजे से शुरू होगा। उपायुक्त कार्यालय में प्रातः 10:45 बजे, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रातः 10ः50 बजे, उप विकास आयुकत कार्यालय में प्रातः 10ः55 बजे, अनुमंडल कार्यालय में प्रातः 11:10 बजे , अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में प्रातः 11:15 बजे एवं पुलिस लाईन रामगढ़ में प्रातः 11:30 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा।