नयी दिल्ली / रांची : भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनावों को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण, सांसद ने अहम नियुक्ति की है। जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार झारखंड राज्य में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए केंद्रीय कैबिनेट मंत्री श्री जुएल ओराम को राज्य निर्वाचन अधिकारी (State Election Officer) नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति 10 जनवरी 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी। नियुक्ति पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय पार्टी के संगठनात्मक चुनावों को पारदर्शी, सुचारू एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से लिया गया है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, श्री जुएल ओराम के अनुभव और संगठनात्मक समझ से झारखंड में पार्टी के आंतरिक चुनावी प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी। उनके नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य संगठनात्मक पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस नियुक्ति की प्रति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) सहित सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं राज्य प्रभारियों को भी सूचनार्थ भेजी गई है।