झारखंड के हजारीबाग में धमाका, तीन लोगों की मौत से मचा हड़कंप

Spread the love

हजारीबाग (झारखंड) : झारखंड के हजारीबाग जिले में मंगलवार को हुए एक विस्फोट ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। बड़ा बाजार ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत हबीबी नगर में हुए धमाके में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान रशीदा परवीन, नन्ही परवीन और सद्दाम के रूप में हुई है। इनमें एक दंपती भी शामिल बताया जा रहा है। विस्फोट किस तरह का था और इसकी प्रकृति क्या है, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।

झाड़ी की सफाई के दौरान हुआ विस्फोट होने की आशंका

स्थानीय लोगों के मुताबिक, झाड़ी की सफाई के दौरान अचानक विस्फोट हुआ। आशंका जताई जा रही है कि विस्फोटक सामग्री झाड़ियों में दबा हुआ था, जो सफाई के समय सक्रिय हो गया। इसी दौरान पास में धूप सेंक रही एक महिला भी धमाके की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जांच में जुटी पुलिस और फोरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही चार थानों के प्रभारी, दो डीएसपी, स्वान दस्ता और टेक्निकल टीम मौके पर पहुंची। पूरे क्षेत्र को सील कर सघन जांच की जा रही है।

आईजी ऑपरेशंस सह झारखंड पुलिस प्रवक्ता माइकलराज एस ने बताया कि धमाके के कारणों और इस्तेमाल की गई सामग्री की जांच की जा रही है। वहीं हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट की प्रकृति को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए थे। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।